संवाददाता/कोचाधामन
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर मंगलवार को कोचाधामन प्रखंड मुख्यालय परिसर में राजद की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम की गैरमौजूदगी में उनके आग्रह पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना के उपरांत राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी, कोचाधामन श्रीराम पासवान को सौंपा गया।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राज्य एवं केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, दवाइयों तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि आम लोगों की आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसका खामियाजा गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए सभी ने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया है। इस प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
धरना में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, लूट, छिनतई, डकैती, बलात्कार और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई थानों में दलाली का कारोबार फल-फूल रहा है तथा आम लोगों को न्याय के लिए भटकना पड़ता है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिए आम लोगों का काम नहीं हो रहा है। सभी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे जनता परेशान है और शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, महिला असुरक्षा, छात्रों पर लाठीचार्ज तथा सरकार की कथित तानाशाही के खिलाफ कोचाधामन सहित पूरे राज्य के विभिन्न प्रखंडों में राजद द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में राजद जिला प्रधान महासचिव मज़हरुल हसन, पूर्व एआईएमआईएम प्रखंड अध्यक्ष कोचाधामन जफर असलम, निसार कौसर राजा, इम्तियाज़ कौसर राजू, मुनाजिर आलम, नफीस राही, फ़राग आलम, रहमत राजा, ताहिर आलम, पप्पू झा, अबसार आलम, बाबर आलम, शहरोज आलम पप्पू, नूर बाबू, डॉ. नूर आलम, राजदान हसन, रेहान अहमद, मो. खुर्शीद कार्यक्रम प्रभारी,रागिब आलम, मो. रईस, नजीब मोहम्मद, नेहाल अहमद, फजलु रहमान, आफाक आलम, मनौवर, अरशद असील, शम्स कमर, नूर सलाम, गुलाम हैदर अली, ग्यास सरवर, नुरुल हुदा, मनौवर हुसैन, जाफर आलम……… सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।
























