कटिहार – खरीफ मौसम में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक,बेहतर बीज एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में एक दिवसीय खरीफ महाभियान के तहत जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता डाॅ. विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की।महाभियान के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ मौसम में लगाई जाने वाली प्रमुख फसलों की उन्नत खेती की विस्तृत जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने धान,मक्का, दलहन एवं तिलहन फसलों के लिए उन्नत किस्म के बीजों के चयन,समय पर बुआई, खेत की तैयारी तथा फसल प्रबंधन के बारे में बताया। साथ ही फसलों में आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति, संतुलित उर्वरकों के उपयोग एवं मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कीट एवं रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि समय पर पहचान और उचित प्रबंधन से फसल नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न अनुदान योजनाओं, उन्नत बीज वितरण कार्यक्रम तथा अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी। उप परियोजना निदेशक आत्मा शशिकांत झा ने जिले के किसानों को खेती में नवीनतम वैज्ञानिक खोजों और प्रौद्योगिकी के सहारे कम लागत में अधिक पैदावार को लेकर चलाये जा रहे कार्यक्रमो की जानकारी दी।
किसानों से रासायनिक ऊर्वकों के अंधाधूंध उपयोग से भूमि की क्षय होती ऊर्वरा शक्ति के प्रति सचेत करते हुए रासायनिक खाद का संतुलित व न्यूनतम उपयोग पर बल दिया। श्री झा ने किसानों हे फसल चक्र अपनाने और जैविक ऊर्वकों के उपयोग की अपील की। कहा कि प्राकृतिक कृषि से मृदा स्वास्थ्य बेहतर रहने से भूमि की ऊर्वरा शक्ति बढती है. जिससे अधिक पैदावार प्राप्त की जा सकती है। इस मौके पर कृषि एवं इसकी आनुसंगिक विभाग के अनेक अधिकारियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों ने विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान भी प्राप्त किया। मंच का सफल संचालन वरीय समन्वयक अभिनंदन झा ने किया.कार्यक्रम के सफल आयोजन में आदित्य कुमार, प्रभाकर कुमार,सुनील कुमार, कुलदीप कुमार की सक्रिय भूमिका रही।




















