फलका/कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे-77 पर अमरपुर गांव के समीप बीते शनिवार की रात कार और बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल पोठिया निवासी मोहम्मद नजमुल(20) की रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
शनिवार की रात करीब आठ बजे मोहम्मद नजमुल अपने रिश्तेदारों मोहम्मद साहिल(19), मोहम्मद असलम(13) और निशा खातून(13) के साथ बाइक से पूर्णिया जिले के कझाकोठी मेला देखने गए थे। मेला देखकर घर लौटने के दौरान अमरपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक अमरदीप कुमार और पूजा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका पहुंचाया। डॉक्टरों ने मोहम्मद नजमुल और निशा खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था, जहां रविवार को नजमुल ने दम तोड़ दिया।शव के पोठिया गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृतक नजमुल की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी।इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी काजल खातून, माता मैमून खातून, पिता मोहम्मद अल्लो और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव और पुअनि अमरदीप कुमार ने पुलिस बल के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुट चुके हैं ।


























