विद्युत कार्यालय का घेराव की व्यवसायियों ने दी चेतावनी

SHARE:

चैम्बर ऑफ कॉमर्स कर रही बड़े आन्दोलन की तैयारी

बिजली आपूर्ति बंद करने की पूर्व जानकारी देने की उठाई मांग

कटिहार – जिले में बिगड़ती बिजली आपूर्ति को लेकर व्यवसायियों ने विद्युत कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। मेंटेनेंस के नाम पर जान-बूझकर बिजली आपूर्ति बार-बार बंद करने की साजिश का विरोध में चैम्बर ऑफ कॉमर्स भी जनहित के मुद्दे पर अपनी सक्रीय भागीदारी निभाते हुए बड़े आन्दोलन की तैयारी कर रही है|

नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कटिहार ने विद्युत आपूर्ति अंचल, पूर्णिया के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर अनियमित बिजली आपूर्ति में अविलम्ब सुधार की मांग करते हुए कहा है कि बिजली आपूर्ति बंद करने की पूर्व सार्वजनिक रूप से इसकी जानकारी दी जाय ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो

| पत्र की प्रतिलिपि विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कटिहार के कार्यपालक अभियंता को भी दी गयी है। चैम्बर के महासचिव अजय सिंघानिया लाला ने कहा है कि ठंड के मौसम में मेंटेनेंस का कोई भी काम विभाग द्वारा नहीं किया जाता है जबकि प्रचंड गर्मी के समय उपभोक्ताओं को बिजली की सबसे अधिक जरुरत होती है उसी समय विभाग को मेंटेनेंस की याद आती है।

इससे बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर बिना किसी पूर्व सूचना के विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति बंद कर देने से कल-कारखानों में घंटों काम ठप हो जाता है जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कल – कारखानों में काम करनेवाले दैनिक मजदूरों की भी मजदूरी मारी जाती है जिससे मजदूरों के परिजनों के समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

लोड शेडिंग के नाम पर भी विभाग की ओर से घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। घंटों बाद बिजली आपूर्ति जब चालू की जाती है तो उसके बाद मेंटेनेंस के नाम पर पुन: बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। पावर कट होने से खासकर व्यवसायी वर्ग को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार करने को लेकर पहल करने की मांग अधीक्षण अभियंता से की गयी है। बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर लोगों में पनप रहा आक्रोश किसी भी समय विस्फोटक रूप ले सकता है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई