अररिया/अरुण कुमार
भरगामा थाना क्षेत्र के खजुरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 स्थित बलुवाही महादलित टोला में गुरुवार की दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में तीन किशोरियों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। एक ही गांव की तीन बच्चियों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए बलुवाही टोला निवासी उपेन्द्र ऋषिदेव की 12 वर्षीय पुत्री रनियां कुमारी, राजो ऋषिदेव की 15 वर्षीय पुत्री करिश्मा कुमारी तथा फूलचंद ऋषिदेव की 13 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी गांव स्थित मुखिया कुसुम मल्लाह के पोखर में स्नान करने गई थी।
बताया जाता है कि उक्त पोखर करीब दस फीट गहरा है और इन दिनों उसमें पर्याप्त पानी भरा हुआ है। नहाने के दौरान तीनों किशोरियां गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें तत्काल बचाया नहीं जा सका। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई कि बच्चियां पोखर में हो सकती है। इसके बाद ग्रामीणों ने पोखर में खोजबीन की, जहां से तीनों के शव बरामद किए गए। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर फैलते हीं पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक बच्चियों की माताओं और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे, लेकिन हर आंख नम नजर आई। घटना की सूचना मिलते हीं अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र,राजस्व पदाधिकारी रविराज सिंह तथा भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।




























