गुवाहाटी से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी शराब की खेप, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
राहुल कुमार/ किशनगंज
किशनगंज जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। बहादुरगंज–गलगलिया मार्ग स्थित गलगलिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक ट्रक से 2,796 लीटर (233 कार्टन) विदेशी बियर बरामद की। कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर उसके चालक सुबोध तिवारी, निवासी सरैया, जिला मुजफ्फरपुर, को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर गलगलिया चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी बियर बरामद हुई।
मूसलाधार बारिश में भी जारी रही कार्रवाई
जिस समय उत्पाद विभाग की टीम जांच अभियान चला रही थी, उस दौरान तेज बारिश हो रही थी। प्रतिकूल मौसम के बावजूद टीम ने अभियान जारी रखा और ट्रक की गहन तलाशी लेकर अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की।
गुवाहाटी से मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी खेप
पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि वह बियर की खेप गुवाहाटी से लेकर पश्चिम बंगाल के रास्ते गलगलिया, बहादुरगंज, कोचाधामन और अररिया होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचाने जा रहा था, जहां इसकी डिलीवरी की जानी थी।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में शराब तस्करों एवं शराब के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। नियमित जांच अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है और तस्करी के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है।
पहले भी इस्तेमाल हुआ है यह रूट?
इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग अब पूरे तस्करी नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुट गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों और लोगों से जुड़े हैं तथा क्या इससे पहले भी इसी मार्ग का उपयोग कर शराब की खेप बिहार पहुंचाई जाती रही है।




















