फतेहपुर सीमा चौकी पर एसएसबी द्वारा ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन, सुरक्षा व जागरूकता पर दिया जोर

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं वाहिनी के “ई” समवाय अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर में गुरुवार को ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीमा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (सामान्य) अदर्ही लोसा ने की। बैठक में एसएसबी के पांच जवानों के साथ सीमा क्षेत्र के 13 ग्रामीणों ने भाग लिया।


बैठक का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीणों और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। इस दौरान ग्रामीणों से सीमा सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनजान व्यक्ति के दिखाई देने पर तत्काल एसएसबी को सूचना देने की अपील की गई।


बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा में स्थानीय लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों से आपसी तालमेल बनाए रखने और समय-समय पर आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान करने का आग्रह किया गया। साथ ही मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्या से बचाव के लिए अपने बच्चों को जागरूक करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रखने की सलाह दी गई।


एसएसबी ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी और लोगों से ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने को कहा। इसके अलावा ग्रामीणों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। बैठक के दौरान बच्चों की शिक्षा के महत्व पर भी विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने और बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!