भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व एपीएफ की संयुक्त समन्वय बैठक, सीमा सुरक्षा और आपसी सहयोग पर जोर।

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के तत्वावधान में गुरुवार को बीओपी पेकटोला में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी एवं नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) कैंप बालूबारी डोरिया के बीच संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता 12वीं बटालियन के कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने की। एपीएफ की ओर से निरीक्षक लक्ष्मण जोशी सहित तीन अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में दोनों देशों की सीमा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।

तय किया गया कि सीमा से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को दोनों बल आपस में तत्काल साझा करेंगे। साथ ही पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय-समय पर संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जाएगा तथा नियमित अंतराल पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी।


बैठक में दोनों सुरक्षा बलों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध और बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। यह भी निर्णय लिया गया कि सीमा क्षेत्र से जुड़े किसी भी विवाद या समस्या का समाधान आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से समय पर किया जाएगा।


बैठक के दौरान एपीएफ की ओर से खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए नेपाली ट्रैक्टरों को सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन की स्वीकृति देने का अनुरोध भी रखा गया, जिस पर दोनों पक्षों ने नियमों के अनुरूप विचार-विमर्श करने की बात कही।इस अवसर पर ई समवाय माफीटोला के समवाय प्रभारी निरीक्षक (सामान्य) बाबू साहेब सिंह सहित दोनों देशों के सुरक्षा बलों के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। संयुक्त बैठक को भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!