पुलिस को देख भागने लगा बाइक सवार
पीछा कर सकरैली मोड़ के पास दबोचा
बरारी /कटिहार – पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत सेमापुर पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सकरैली मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान की गई। थानाध्यक्ष राम शंकर कुमार ने बताया कि जांच के दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान बरारी थाना क्षेत्र के शीशियां गांव निवासी 28 वर्षीय मो. फुलहसन के रूप में हुई।तलाशी एवं वाहन की जांच के दौरान उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस गहन जांच कर रही है, ताकि चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।






















