किशनगंज/सागर चंद्रा
महानंदा नदी के बायें तट पर स्थित गाछपाड़ा-मौजाबाड़ी तटबंध को कमारमनी गांव के समीप अवैध बालू खनन कर क्षतिग्रस्त करने मामले में केस दर्ज किया गया है। अवर प्रमंडल पदाधिकारी बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण परमा नंद सिंह के लिखित शिकायत पर अज्ञात खननकर्ताओं के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताते चलें कि किशनगंज शहर की सुरक्षा के लिए महानंदा नदी में गाछपाड़ा से मौजाबाड़ी तक तटबंध का निर्माण किया गया है। लेकिन गत बुधवार को कमारमनी गांव के समीप जीरो किलोमीटर के पास अज्ञात लोगों के द्वारा अवैध बालू खनन किया गया।
जिससे बाढ़ के दौरान तटबंध के संरचनात्मक ढांचे में नुकसान होने की संभावना प्रबल हो गई है। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि केस दर्ज होने के बाद पुलिस अज्ञात खननकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।





















