विजय कुमार साह/ टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 7 में ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर स्वयं सड़क निर्माण का जिम्मा उठा लिया है। वर्षों से जर्जर और कीचड़युक्त सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को आवेदन देने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई पहल नहीं होने पर ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और श्रमदान से सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा किया और उसी राशि से सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में गांव के लोग स्वयं श्रमदान कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति बेहद खराब हो जाती थी, जिससे बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा आम लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग सड़क पर फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय ग्रामीण मदन ऋषिदेव, मनोज कुमार मंडल, गुरुदेव मंडल, मयानंद मंडल, विनोद मंडल, धनेश कुमार मंडल, दिलीप मंडल, परमेश मंडल, उमेश मंडल, दिनेश ठाकुर, दिलीप ठाकुर एवं शिवलाल ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों से सिर्फ आश्वासन मिलता रहा, लेकिन सड़क निर्माण नहीं हो सका। आखिरकार गांव के लोगों ने मिलकर खुद सड़क बनाने का निर्णय लिया ताकि आने-जाने में लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि समय पर विकास कार्यों पर ध्यान देते तो ग्रामीणों को इस तरह चंदा जुटाकर सड़क निर्माण कराने की जरूरत नहीं पड़ती। फिलहाल ग्रामीणों के सहयोग और एकजुटता से सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। सड़क बनने से आसपास के दर्जनों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम हो सकेगा।

























