नगर निगम प्रशासन का चला बुलडोजर
अतिक्रमणकारियों हो जाय सावधान – निगमायुक्त
कटिहार – शहर के चौधरी मुहल्ला महमुद चौक वार्ड नंबर 26 में नाला निर्माण के कार्य में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण को नगर निगम प्रशासन पुलिस बल के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त कराया। बुडको द्वारा किए जा रहे नाला निर्माण के एलाइनमेंट में कई पक्के और कच्चे निर्माण बाधक बने हुए थे।
जिन्हें प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि नाला निर्माण की प्रक्रिया काफी समय से रुकी हुई थी। विभाग द्वारा कराई गई मापी के बाद यह पाया गया कि कई लोगों ने नगर निगम की सड़क पर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर लिया है। इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों को बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा-435 के तहत पूर्व में भी कई बार फरवरी 2025 से अब तक नोटिस जारी किए गए थे।
स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण प्रशासन को अंततः बलपूर्वक यह कार्रवाई करनी पड़ी। सदर एसडीएम प्रद्युम्न सिंह यादव ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सरकारी कार्य,विशेषकर नाला निर्माण का कार्य पूरी तरह बाधित हो रहा था। इससे जलजमाव की समस्या पैदा होने का खतरा बना हुआ था। इसके अतिरिक्त,सड़क के चौड़ीकरण, वृक्षारोपण और पार्किंग जैसे नागरिक सुविधाओं के कार्यों में भी यह अतिक्रमण रोड़ा अटका रहा था।
दस्तावेजों के अनुसार, मुख्य रूप से मो. कमरूल हसन, मो. नजरूल हसन, मो. नूरूल् हसन, मो. सजरूल हसन, मो. ऐनूल् अंसारी, मो. नैययर आलम और पार्वती देवी सहित अन्य अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के विकास और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि अतिक्रमण के कारण जनता को भारी असुविधा होती है।
नाले चोक हो जाते हैं और सड़कों का चौड़ीकरण नहीं हो पाता। भविष्य में भी चिन्हित किए गए अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने में होने वाले व्यय की वसूली भी दोषी व्यक्तियों से की जाएगी और नियम उल्लंघन पर 20,000 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। मौके पर कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह,नोडल पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष मधुसुदन कुमार,प्रभारी सीओ सहित नगरकर्मी, पुलिस बल मौजूद रहे।

























