समेली /कटिहार – समेली प्रखंड अंतर्गत चांदपुर चौक में बीती रात भीषण आगलगी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पंचायत समिति सदस्य रेणु देवी के बासा कामत पर रखे करीब 600 बोरा आलू जलकर पूरी तरह राख हो गया। जिससे लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार यह घटना पोठिया थाना क्षेत्र के पूर्वी चांदपुर पंचायत स्थित चांदपुर चौक की है। बताया जाता है कि पंचायत समिति सदस्य रेणु देवी के पति धीरेन्द्र कुमार यादव के बासा पर रखे आलू में देर रात करीब 12:15 बजे अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते और बुझाने का प्रयास करते, तब तक पूरा बासा आग की चपेट में आ चुका था। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन संसाधनों के अभाव में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आलू से भरे बोरे धू-धू कर जलते रहे और देखते ही देखते सब कुछ राख में तब्दील हो गया। इस हादसे में पीड़ित परिवार की महीनों की मेहनत एक ही रात में बर्बाद हो गई।
पीड़ित परिवार ने इस मामले को लेकर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कटिहार के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस संबंध में पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा आवेदन दिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

























