संवाददाता: विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय परिसर में सोमवार को बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) दीपक कुमार के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में एक भावभीना विदाई समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के सभी कर्मी और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने प्रिय सहकर्मी को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, जो कार्य व्यवस्था का अहम हिस्सा है। उन्होंने दीपक कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया है। उनके कार्यों का सकारात्मक प्रभाव प्रखंड के कार्यों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
जानकारी के अनुसार, बीसी दीपक कुमार ने 01 जुलाई 2024 को टेढ़ागाछ प्रखंड में अपना योगदान दिया था। अपने लगभग दो वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आम लोगों को डिजिटल लेन-देन, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने में उनका योगदान सराहनीय रहा।
उनका स्थानांतरण भोजपुर जिले में हुआ है। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें फूल-माला पहनाकर तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए समय और अनुभवों को साझा किया।
इस अवसर पर दीपक कुमार ने भी सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टेढ़ागाछ में मिला सहयोग और स्नेह वे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी उनकी तैनाती होगी, वे उसी समर्पण और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।



























