टेढ़ागाछ के कजलेटा गांव में भीषण अगलगी, दो परिवारों का घर जलकर राख

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के ग्राम कजलेटा, वार्ड संख्या-09 झुनकी मुसहरा में शनिवार देर रात भीषण अगलगी की घटना में दो परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। पीड़ितों की पहचान पूजनेश्वर प्रसाद सिंह एवं ललित कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि देर रात अचानक घर में आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों परिवारों का घर पूरी तरह जल चुका था। आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस संबंध में राजस्व कर्मचारी अरुण पांडेय ने कहा कि सूचना प्राप्त हुई है जांचकर सरकार की अनुदान अनुग्रह राशि अग्नि पीड़ित परिवार को दी जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!