संवाददाता: अरुण कुमार
अररिया के फारबिसगंज में कांग्रेस कमेटी द्वारा रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कमी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देश में आम और गरीब जनता रसोई गैस की समस्या से जूझ रही है, जबकि सरकार चुनावी व्यस्तताओं में लगी हुई है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा गया कि सरकार जनता की समस्याओं से दूर हो गई है।
इस मौके पर फारबिसगंज के कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के सामने रसोई गैस की भारी किल्लत है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही।
उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने के लिए किया गया है, ताकि गैस की कीमतों में कमी लाई जाए और आम लोगों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और उग्र प्रदर्शन के साथ अपनी नाराजगी जाहिर की।




























