हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहे शिवालय,गंगाघाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

SHARE:

मनिहारी /कटिहार- सावन माह के प्रथम सोमवार पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु अहले सुबह मनिहारी गंगातट पहुंचे। जहां उन्होंने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर कांवरों में गंगाजल भरा। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


जलभरण के बाद कांवरियों का जत्था अपने-अपने गंतव्य स्थित शिवालयों की ओर रवाना हुआ। जिले भर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की।

सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर कई शिवालयों में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, हवन-पूजन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा माहौल शिवमय हो गया।


श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। गंगाघाट पर सुरक्षित स्नान, सुचारु आवागमन, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जिले के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ मनिहारी गंगातट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विगत दिनों जायजा ले चूके हैं।उन्होंने श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान, जलभरण एवं यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना न हो। वहीं मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद लाखो यादव भी अपने सहयोगी पार्षदों के साथ गंगाघाट और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय रहे। उन्होंने कांवरियों को पेयजल, विश्राम, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन एवं नगर पंचायत द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे सफल और सुव्यवस्थित बताया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!