पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किया उद्घाटन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं बलरामपुर विधायक संगीता देवी
कटिहार – स्थानीय बच्चों और मानसिक व व्यावहारिक विकास संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर है। कटिहार शहर के मिरचाईबाड़ी हनुमान मंदिर रोड,कल्याण ज्वेलर्स के ऊपर में बच्चों के विशेष उपचार और थेरेपी के लिए ‘बोधिका ऑटिज़्म एंड चाइल्ड डेवलपमेंट क्लिनिक’ का भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन स्थानीय विधायक सह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बलरामपुर की विधायक संगीता देवी भी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कटिहार जैसे शहर में ऑटिज़्म और बाल विकास से जुड़ी समस्याओं के लिए एक समर्पित क्लिनिक का खुलना बेहद सराहनीय कदम है।
आज के समय में बच्चों में ऑटिज़्म, स्पीच डिले देर से बोलना और व्यवहार संबंधी परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में सही समय पर पहचान और वैज्ञानिक थेरेपी मिलने से बच्चों का संपूर्ण विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने इस प्रयास के लिए क्लिनिक की मुख्य विशेषज्ञ डॉक्टर रश्मि शर्मा को बधाई दी।
विधायक संगीता देवी ने भी क्लिनिक की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण अक्सर बच्चों के इन लक्षणों को समय पर नहीं समझा जाता। यह क्लिनिक सीमांचल के बच्चों के लिए एक वरदान साबित होगा। समारोह के अंत में डॉ.रश्मि शर्मा ने सभी अतिथियों और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि यह केंद्र आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए सदैव तत्पर रहेगा।


























