5 रोगियों को प्रदान किया गया कीट
डंडखोरा/कटिहार–एक सौ दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर डंडखोरा में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया।जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजीत कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अखलाख अहमद, सीएचओ नरेन्द्र कुमार सहित स्वास्थ्य एवं अन्य विभाग के कर्मी सहित दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान बीएचएम ने चौपाल की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा लोगों को टीबी मुक्त डंडखोरा बनाने में सहयोग की अपील की।वहीं सीएचओ ने टीबी के लक्षण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डंडखोरा में मिल रही सुविधा के बारे में विस्तार से बताया। चौपाल को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा कि टीबी बहुत हीं खतरनाक बीमारी होती है।क्योंकि यह एक से दूसरे में फैलता है।
लेकिन इसका इलाज भी संभव है।लगातार कई दिनों तक खांसी,बुखार होना, कमजोरी तपेदिक बीमारी का लक्षण हो सकता है।उन्होंने कहा कि इस तरह के लक्षण होने पर बलगम की जांच अवश्य करा लें।रिपोर्ट पोजिटिव आने पर लगातार 06 महिने तक दवा खाने से यह बीमारी छूट जाती है।उन्होंने बताया कि दवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मुफ्त मिलती है।
सरकार द्वारा देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके घर आकर बलगम की जांच करेगी।उन्होंने लोगों से बलगम की जांच करा कर टीबी मुक्त भारत बनाने में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि इसकी चर्चा अपने समाज में भी करेंगे,ताकि अन्य लोग भी जागरुक हो सके।
चौपाल में बीडीओ,मुखिया सहित अन्य द्वारा गोद लिये गये 05 टी बी रोगियो को पोषण कीट भी उपलब्ध कराया गया।मौके पर पंचायत सचिव अमरदीप कुमार,मुखिया प्रतिनिधि राजेन सोरेन,पंचायत कार्यपालक सहायक अमित कुमार सिंह,बीसीएम, एसटीएस,एएनएम,आशा फेसिलेटर, सभी आशा कर्मी,दीपक कुमार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।


























