कटिहार कोर्ट – कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 स्थित रेलवे न्यायालय का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह ने औचक निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे कोर्ट के हाजत में पहुंचकर सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रधान जिला जज रणवीर सिंह ने रेलवे न्यायालय भवन में चल रहे रेनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव को निर्देश दिया कि रेलवे प्रशासन से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि न्यायालय का दैनिक कार्य नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला जज ने न्यायालय परिसर की वर्तमान व्यवस्था, न्यायिक कार्यों के संचालन तथा आम लोगों को होने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक है।मौके पर प्रधान जिला जज रणवीर सिंह के साथ डीएलएसए सचिव सह एसीजेएम कमलेश सिंह देबू, रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव सहित न्यायालय एवं रेलवे प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। वर्तमान में कटिहार का रेलवे न्यायालय वर्षों पुराने भवन में संचालित हो रहा था।
जो समय के साथ भवन की स्थिति काफी जर्जर एवं दयनीय हो गई थी। जिसके लिए पूर्व में पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति द्वारा भी न्यायालय का रेनोवेशन वो नए रेलवे कोर्ट की निर्माण के दिशा में रेल प्रशासन को निर्देश दिया गया था। रेलवे न्यायालय परिसर अत्यधिक संकुचित होने के कारण नियमित न्यायिक कार्यों तथा मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वही जीर्णोद्धार कार्य के पूरा होने के बाद न्यायालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो जाएगी।


























