संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज में रविवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। लगातार वर्षा के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश की वजह से तेघरिया, धर्मशाला रोड, पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर के आसपास समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों पर जलभराव होने से पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर नालियों का पानी सड़क पर फैल जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
इधर, शहर के मनोरंजन क्लब परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर पर एक विशाल बरगद-पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे मंदिर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से जल्द पेड़ हटाने तथा मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
लगातार हो रही बारिश का असर विद्युत आपूर्ति पर भी देखने को मिला।शहरवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।


























