टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के लोगों की भूमि एवं रास्ता संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचल अधिकारी (सीओ) शशि कुमार ने की। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, रास्ता विवाद तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनता दरबार में प्राप्त मामलों की सुनवाई करते हुए अंचल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि कुल छह मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद निष्पादन कर दिया गया। वहीं दस मामलों को विस्तृत जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में विचाराधीन रखा गया है। इसके अलावा छह नए मामलों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी सुनवाई आगामी जनता दरबार में की जाएगी।
सीओ शशि कुमार ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को भूमि एवं रास्ता विवाद जैसे मामलों के समाधान के लिए सुलभ मंच उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने संबंधित राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी कर अगली बैठक में उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।उन्होंने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि भूमि विवादों का शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीके से निपटारा किया जाए, जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे और लोगों को त्वरित न्याय मिल सके। इस जनता दरबार में राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार, राजस्व कर्मचारी अरुण पांडेय एवं विशाल कुमार, कार्यपालक सहायक राजा कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य इस्माइल आलम, बाबर परवाना सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
























