भोरहा पंचायत भवन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 57 मरीजों की हुई जांच, मुफ्त दवा वितरण

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत भवन में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना था। शिविर में बड़ी संख्या में पंचायत के ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

शिविर के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार के नेतृत्व में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 57 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान सामान्य बुखार, सर्दी-खांसी, रक्तचाप, मधुमेह तथा अन्य सामान्य बीमारियों से संबंधित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, संतुलित आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।

डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि शिविर में जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में भी लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के पांच आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।

स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में निशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर बीएचएम अजय कुमार साह, बीसीएम वकील अहमद सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन करने की मांग की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई