टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र में आगामी 17 एवं 18 जून 2026 को आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के सफल संचालन एवं अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने की। बैठक में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बीडीओ ने कहा कि जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाना है।
इसके लिए आवश्यक है कि शिविर की जानकारी प्रखंड के प्रत्येक पंचायत, वार्ड एवं गांव तक पहुंचे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में शिविर के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बीडीओ ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, पंजीकरण एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में लोगों को शिविर के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती, सीडीपीओ निशा कुमारी, प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, प्रखंड जीविका पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं जनप्रतिनिधियों में मुखिया तसनीम अतहर, अरुण कुमार यादव, उमेश कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य सोनावती देवी, इस्माइल आलम, सरपंच इब्राहिम आलम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शिविर को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से यह शिविर आम जनता के लिए लाभकारी एवं सफल साबित होगा।
























