टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
जिला परिषद सभागार भवन में शनिवार को जिला परिषद अध्यक्षा रुकैया बेगम की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र से जुड़े विकास एवं जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद सदस्य क्षेत्र संख्या-1 इमरत आरा ने टेढ़ागाछ प्रखंड की विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था काफी लचर बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम लोगों के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
इसके अलावा उन्होंने टेढ़ागाछ हाई स्कूल के वर्षों से अधूरे पड़े भवन निर्माण कार्य का मामला भी उठाया। बताया गया कि भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रखंड मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य भी अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे खेल प्रतिभाओं को उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।बैठक में फुलबड़िया बाजार की जर्जर मुख्य सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
सदस्यों ने बताया कि सड़क की स्थिति बेहद खराब है और हल्की बारिश होने पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे बाजार आने-जाने वाले राहगीरों, दुकानदारों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।जिला परिषद सदस्य इमरत आरा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।जिला परिषद अध्यक्षा रुकैया बेगम ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
























