ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
नगर पंचायत क्षेत्र के गोथरा वार्ड संख्या 7 स्थित श्री बालासंघ गोथरा द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 48 घंटे का अखंड श्री हरिनाम संकीर्तन शुक्रवार से श्रद्धा एवं उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। संकीर्तन के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा गोथरा से प्रारंभ होकर भातडाला तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः कलश लेकर संकीर्तन स्थल पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। भक्ति गीतों और हरिनाम संकीर्तन की धुन पर पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
इस धार्मिक आयोजन में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, वार्ड पार्षद अमित सिन्हा, पार्षद अनिल साह, समाजसेवी शिवशंकर महतो, विजय साहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवतियां और बच्चे कलश यात्रा में शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में भाग लिया, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
आयोजकों ने बताया कि 48 घंटे तक लगातार श्री हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज के कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अखंड श्री हरिनाम संकीर्तन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, आपसी भाईचारा और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार करना है। संकीर्तन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। आयोजन को सफल बनाने में श्री बालासंघ गोथरा के सदस्य एवं स्थानीय सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




















