सागर चंद्रा/किशनगंज
एक डेढ़ वर्षीय बच्ची ने अज्ञानतावश घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। बच्ची अंशिका कुमारी की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखकर परिजनों को खतरे का आभास हो गया। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के झींगाकाटा गांव में घटित घटना के बाद परिजनों ने अंशिका को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन सदर में इलाज के दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ जाने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह अंशिका घर में खेल रही थी। जबकि परिवार के सदस्य निजी कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान अंशिका ने प्लास्टिक की बोतल में रखे कीटनाशक को पानी समझ कर पी लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।





















