जिला भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा, लंबित एलपीसी भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रेलवे, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ,पथ निर्माण विभाग, बिहार पुल निर्माण निगम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय सहित अन्य विभागों से संबंधित भूमि अधिग्रहण एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे मार्ग, भारतमाला परियोजना अंतर्गत मेजर डिस्ट्रिक्ट ग्रीनफील्ड रोड के तहत किशनगंज से बहादुरगंज तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण, अररिया–गलगलिया नई बीजी रेल लाइन निर्माण परियोजना, बिहार राज्य उच्च पथ , बहादुरगंज–टेढ़ागाछ पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, किशनगंज जिला अंतर्गत कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक तक ठाकुरगंज बाईपास निर्माण परियोजना तथा महानंदा नदी पर किशनगंज–तैयबपुर– ठाकुरगंज–गलगलिया पथ के 42वें किलोमीटर पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल निर्माण परियोजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भू-अर्जन से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से लंबित एलपीसी भुगतान मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि भुगतान हेतु लंबित आवेदकों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि प्रभावित रैयतों को समय पर लाभ प्राप्त हो सके।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने एलपीसी भुगतान से संबंधित अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि भुगतान से संबंधित एक पृथक रजिस्टर संधारित किया जाए तथा भुगतान किए गए सभी मामलों का अद्यतन विवरण नियमित रूप से उसमें दर्ज किया जाए। इससे कार्यों की निगरानी एवं समीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई