मनसाही (कटिहार): मनसाही थाना क्षेत्र के कुरेठा पंचायत स्थित संगतीबाड़ी गांव में शनिवार देर रात कथित रूप से नवविवाहिता को उठाने की कोशिश के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से 8 से 9 संदिग्ध युवक गांव के आसपास घूमते देखे जा रहे थे।
आरोप है कि बीती रात कुछ युवक एक नवविवाहिता के घर में घुस गए। घर वालों द्वारा शोर मचाए जाने पर सभी युवक भागने लगे। इसी दौरान गांव के युवाओं ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम लड्डू कुमार उरांव तथा पता मनसाही थाना क्षेत्र के हरिप्रसाद बलुआ टोला बताया है। ग्रामीणों का दावा है कि युवक से पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ रात में गांव आने की बात स्वीकार की।
घटना के दौरान भाग रहे युवकों की एक टीवीएस राइडर बाइक तथा दो मोबाइल फोन भी ग्रामीणों के हाथ लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल फोन में हथियारों से संबंधित कई फोटो और वीडियो मौजूद हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पकड़े गए युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन वे गांव नहीं पहुंचे। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मनसाही थाना पुलिस दलबल के साथ गांव पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को तत्काल पुलिस के हवाले करने से इनकार कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा फरार बताए जा रहे अन्य युवकों की पहचान और तलाश की जा रही है।
नोट: युवक द्वारा कथित स्वीकारोक्ति और ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



























