बिजली संकट को लेकर सांसद प्रतिनिधि ने प्रभारी डीएम व बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन
कटिहार – जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो – वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। कटिहार लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने प्रभारी डीएम एवं विद्युत आपूर्ति मंडल के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जिले की चरमराई बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। बार-बार बिजली कटने और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तकनीकी खराबियों के चलते घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहती है और शिकायत के बावजूद मरम्मत कार्य में काफी विलंब होता है। सुनील यादव ने कहा कि बिजली संकट का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे परेशान हैं। पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से जनहित में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार से पांच दिनों के भीतर जिले की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। मौके पर दिलीप विश्वास, फिरोज कुरेशी,अवधेश मंडल,मो. जहांगीर आलम,मोहम्मद एजाज, अखिलेश पोद्दार,सुबोध यादव सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


























