मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)
गुरुवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक-सह-कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अब्दाली ने की।
बैठक में बताया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 को 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू किया गया है।
इसी के तहत पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक, विकास मित्र एवं पंचायत सचिवों के साथ नियमावली के प्रभावी अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर खराब पड़े पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा को मरम्मत कर चालू कराया जाए तथा वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (डब्ल्यूपीयू) सहित अन्य स्वच्छता परिसंपत्तियों का आवश्यकतानुसार जीर्णोद्धार कराया जाए। उन्होंने स्वच्छता पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन सुबह डब्ल्यूपीयू का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन की निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों, टोलों एवं गांवों में चौपाल आयोजित कर खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
साथ ही पंचायतों में बड़े अपशिष्ट उत्पादकों (बल्क वेस्ट जनरेटर) की पहचान कर उनका पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया। इनके द्वारा उत्पन्न अपशिष्ट के संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निपटान की जिम्मेदारी स्वयं वहन करनी होगी।
इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण एवं नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यशाला में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुधाकर कुमार, प्रखंड समन्वयक (स्वच्छता) रविकांत, कार्यपालक सहायक (स्वच्छता) रविंद्र कुमार समेत स्वच्छता कर्मी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




























