दूसरा तस्कर चकमा देकर फरार
सागर चंद्रा/किशनगंज
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 118.480 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा तस्कर टीम को चकमा देकर भागने में सफल रहा। साथ ही स्कार्पियो वाहन को स्कॉर्ट कर रहा एक वाहन भी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के रेणु गांव कुरुहा निवासी 30 वर्षीय प्रकाश कुमार पिता दिनेश मंडल के रूप में की गई है। बरामद शराब गुप्ता होटल से खरीद कर किशनगंज-अररिया के रास्ते पूर्णिया ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्पाद थाने में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शराब तस्करी की सूचना के बाद उत्पाद टीम ने रामपुर चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग तेज कर दी थी। इसी दौरान टीम की नजर दालकोला की दिशा से आ रही स्कॉर्पियो वाहन पर पड़ी। लेकिन सामने चेकिंग होता देखकर स्कार्पियो चालक ने वाहन का रूख मोड़ लिया और फरार होने लगा।
लेकिन जवानों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान मची आपाधापी का फायदा उठाकर वाहन सवार एक तस्कर मौके से फरार हो गया। जबकि दूसरे तस्कर प्रकाश कुमार को दबोच लिया गया। बीआर II बीवी 5378 के स्कार्पियो वाहन की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड के 118.480 लीटर विदेशी शराब बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वाहन शहर के रेलवे कॉलोनी निवासी राजेश कुमार कामती (32) पिता त्रिभूवन कामती चला रहा था। वह पूर्व से ही शराब तस्करी के धंधे में शामिल रहा है। लेकिन वह चकमा देकर भागने में सफल रहा। बहरहाल तस्कर प्रकाश कुमार, राजेश कुमार कामती और वाहन मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।























