सागर चंद्रा/किशनगंज
असम से तमिलनाडु जाने के लिए विवेक एक्सप्रेस में बहन के साथ सफर कर रही महिला के किशनगंज रेलवे स्टेशन से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। काफी तलाश किए जाने के बाद भी जब परिजन उसे ढ़ूंढ़ निकालने में नाकाम रहे तो वे पुलिस के समक्ष मदद की गुहार लगाने पहुंच गए। असम के आईरनजोंगला धूबरी निवासी पति रुबूल शेख के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है।
पति रुबूल शेख ने बताया कि वह तमिलनाडू त्रिपूर में रह कर टेलर का काम करता है। उसकी (25) वर्षीय पत्नी रसीदा खातुन भी साथ ही रहती थी। 5 माह पूर्व रुबूल को पता चला कि रसीदा श्रवण कुमार नाम के फेसबुक यूजर से बात करती है। पत्नी को डांट डपट करने पर श्रवण ने उसे रसीदा के अपहरण की धमकी दी थी। इस बीच असम में विधान सभा चुनाव होने के कारण उसकी पत्नी गत 1 अप्रैल को आईरनजोंगला घूबरी आ गई थी ।
चुनाव सम्पन्न होने के बाद गत 22 मई को रसीदा अपनी बहन नजीरा खातुन के साथ न्यु कूचबिहार से तामिलनाडू त्रिपूर आने के लिए विवेक एक्सप्रेस के बी2 कोच में सफर कर रही थी। लेकिन ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रूकने के बाद रसीदा अपनी बहन को सोते हुए छोड़ कर रुपये और गहने लेकर प्लेटफॉर्म पर उतर गयी और बाहर चली गयी।
जिसकी जानकारी सहयात्रियों ने रसीदा के बहन को दी थी। घटना के बाद से रसीदा का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है। घटना के बाद जब पीड़ित पति ने श्रवण कुमार और उसके मित्र शिवम कुशवाहा से संपर्क किया तो उसने रसीदा का अपहरण करने की बात कबूल कर ली।
























