कुलभूषण सिंह/ठाकुरगंज।
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार नगर पंचायत ठाकुरगंज में सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यीय पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के बाद वार्ड संख्या 01 की पार्षद दुर्गा गुप्ता, वार्ड संख्या 02 के पार्षद देवाशीष विश्वास तथा वार्ड संख्या 03 की पार्षद रूपावती देवी को निर्वाचित घोषित किया गया।
विशेष बात यह रही कि पूर्व में भी यही तीनों जनप्रतिनिधि सशक्त स्थायी समिति के सदस्य थे और एक बार फिर पार्षदों ने उन पर भरोसा जताते हुए समिति में भेजा है।
जानकारी के अनुसार बिहार सरकार के नए प्रावधानों के तहत पूरे राज्य में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन कराया गया। पहले इन सदस्यों का मनोनयन मुख्य पार्षद द्वारा किया जाता था, लेकिन नए नियम के अनुसार अब नगर निकाय के निर्वाचित पार्षद अपने बीच से मतदान कर समिति के सदस्यों का चयन करते हैं।
नगर पंचायत ठाकुरगंज के 12 पार्षदों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। वार्ड संख्या 01 की पार्षद दुर्गा गुप्ता के विरुद्ध वार्ड संख्या 09 की पार्षद सुधा देवी मैदान में थीं। मतदान में दुर्गा गुप्ता को 11 मत प्राप्त हुए, जबकि सुधा देवी को केवल 1 मत मिला। इस प्रकार दुर्गा गुप्ता 10 मतों के अंतर से विजयी घोषित की गईं।
वहीं वार्ड संख्या 02 के पार्षद देवाशीष विश्वास के मुकाबले वार्ड संख्या 07 की पार्षद मंजू देवी चुनाव मैदान में थीं। मतदान में देवाशीष विश्वास को 8 मत तथा मंजू देवी को 4 मत प्राप्त हुए। इस तरह देवाशीष विश्वास 4 मतों के अंतर से निर्वाचित घोषित हुए।
तीसरे सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 03 की पार्षद रूपावती देवी के विरुद्ध किसी अन्य पार्षद ने नामांकन नहीं किया, जिसके कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचित सदस्यों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सशक्त स्थायी समिति नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाएगी।























