पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
जिले के ऐतिहासिक व सबसे अधिक राजस्व देने वाली और व्यस्त छत्तरगाछ हाट की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। डीडीसी किशनगंज के निर्देश पर शनिवार को अंचल पदाधिकारी मोहित राज, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीकांत तथा कनीय अभियंता सूरज कुमार ने छत्तरगाछ बाजार स्थित सब्जी मार्केट एवं मवेशी हाट का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार की स्थिति काफी दयनीय पाई गई। कई स्थानों पर जलजमाव, कीचड़, टूटी सतह और जल निकासी की समुचित व्यवस्था का अभाव देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजार के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया और स्थानीय दुकानदारों तथा ग्रामीणों से भी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में बाजार परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कीचड़ और गंदगी के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
अंचल पदाधिकारी मोहित राज ने कहा कि विगत दिनों भी छत्तरगाछ हाट और मवेशी हाट क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। उस समय जगह जगह जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या सामने आई थी। इसके बाद संबंधित विभागों को लिखित रूप से अवगत कराया गया था। उन्होंने कहा कि डीडीसी के निर्देशानुसार पुनः निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा रही है ताकि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सीओ मोहित राज ने कहा, छत्तरगाछ हाट क्षेत्र की समस्या काफी पुरानी है। प्रशासन इसे गंभीरता से ले रहा है। जल निकासी, सड़क और बाजार परिसर के विकास को लेकर समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि लोगों को जल्द से जल्द इस समस्या से राहत मिले और बाजार का स्वरूप बेहतर बनाया जा सके।
मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीकांत ने बताया कि सात निश्चय योजना और मनरेगा के माध्यम से बाजार क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा, जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए ड्रेनेज निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को बाजार क्षेत्र की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश भी दिया। प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही जलजमाव और कीचड़ की समस्या का जल्द समाधान होगा तथा छत्तरगाछ हाट को एक व्यवस्थित और आधुनिक बाजार के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान मनरेगा के कनीय अभियंता सूरज कुमार ने बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों की तकनीकी संभावनाओं का आकलन किया। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य फजले हक, समाजसेवी दीनानाथ साह, व्यवसायी देवा अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने अधिकारियों के समक्ष बाजार की समस्याओं को विस्तार से रखा तथा जल निकासी, सड़क निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उम्मीद जताई कि यथा शीघ्र ही छत्तरगाछ हाट को जलजमाव और कीचड़ की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी।























