कोढा /कटिहार- कोढ़ा नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखण्ड मुख्यालय कोढा में निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी योगेन्द्र कुमार की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया कराई गई। आयोजित चुनाव में स्थाई समिति एक से विमल कुमार ,दो से धर्मवीर चौधरी एवं तीन से पूजा शर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव प्रक्रिया में पांच पार्षदों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया था जिसमें दो ने नाम वापस ले लिया।जिस कारण तीन सीटों पर तीन पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए।चुनाव प्रक्रिया में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कोढा राजकुमार पंडित,बीडीओ फलका सन्नी सौरव ,प्रखण्ड पंचायती राज पदाधिकारी कोढा प्रियंका कुमारी मौजूद थे।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की प्रतिस्पर्धा या विवाद की स्थिति नहीं बनी। जिससे यह चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता बताते हुए निर्वाचित पार्षदों को बधाई दी है।इस अवसर पर निर्वाचित पार्षदों ने कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने स्वच्छता, जल निकासी, सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्राथमिकता से काम करने की बात कही।




















