मंगलवार को ठाकुरगंज नगर स्थित नेताजी सुभाष मार्केट परिसर में अंबेडकर विचार मंच, ठाकुरगंज द्वारा भारतीय संविधान के शिल्पकार, समानता और न्याय के महान प्रवर्तक, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीम राव अंबेडकर के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई तथा उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, भाईचारे एवं न्याय की स्थापना का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य, अधिवक्ता शिशिर कुमार दास ने कहा कि शिक्षा पर जोर देते हुए वर्तमान में व्याप्त भ्रष्टाचार पर खुलकर अपने बातों को रखा, शिक्षित बनो, संगठित रहो, और संघर्ष करो इन सब विषयों पर बल दिया। वही कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर ने देश को एक सशक्त संविधान देकर समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया, जो आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह, ने कहा कि बाबा साहेब ने दलित, शोषित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक समानता लाई जा सकती है।
जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि अहमद हुसैन ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया।
वहीं अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कौशल किशोर यादव ने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे भारत का था, जहां सभी को समान अधिकार और सम्मान मिले। हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए।
कार्यक्रम में जदयू के युवा प्रदेश महासचिव प्रशांत पटेल, भाजपा युवा नेता गौरव गुप्ता,नियाज़ हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आसिफ सईद, प्रोफेसर दिलीप यादव, वार्ड पार्षद दिलीप सिंह, चुरली सरपंच राजीव पासवान, सखुआडाली के सरपंच नासिर अहमद, नगर भाजपा अध्यक्ष अतुल सिंह, भातगांव के पूर्व मुखिया बुधन पासवान, पूर्व वार्ड पार्षद अनिल महाराज, रीना कर्मकार, शिवानी चौधरी, मीरा चौधरी, दिलीप बासफोर, स्वरूप गांगुली, जय शंकर भारती, मो निजामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।मंच संचालन की भूमिका मुरारी साह ने निभाई।
इस आयोजन को सफल बनाने में मनोज पासवान, अमरजीत चौधरी, प्रमोद राम, शिवा पासवान, राजू राम, अलबेला पासवान समेत मंच के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





























