किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज में पुलिस के द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।उसी क्रम में कोचाधामन थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चरधरिया चेक पोस्ट पर सोमवार को 264.28 लीटर विदेशी शराब जप्त किया है।एक टाटा नेक्सॉन कार को जब्त करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार युवक की पहचान रोहित चौधरी के रूप में हुई है ।मालूम हो कि रोहित चौधरी भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है।
रोहित चौधरी की गिरफ्तारी के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया कि किस तरह से सत्ता धारी दल के लोग ही शराब तस्करी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार को गुप्त सूचना मिली की बंगाल से एक कार से अवैध विदेशी शराब को छिपाकर लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए चरधरिया चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध काले रंग की टाटा नेक्सॉन कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR37एबी2668) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की कुल 264.28 लीटर विदेशी शराब, 30,200 रुपये नगद एवं 1 एप्पल मोबाइल फोन जप्त किया गया। पुलिस ने मौके से वार्ड संख्या 23 रूईधासा निवासी रोहित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 208/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं ।वही
एसपी के निर्देश पर अवैध शराब कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर जप्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी टीम में कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, अवर निरीक्षक गंगा गुप्ता, रवि रंजन, हिटलर कुमार, घवेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान और धनपुरा पिकेट के चालक शामिल थे।



























