किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत डेरामारी पंचायत स्थित पौआखाली मोड़ पर अंजुमन इस्लामिया वक्फ नंबर 1257 की जमीन पर वक्फ विकास योजना के तहत निर्मित 4.70 करोड़ रुपये की लागत वाले मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स का आज विधिवत हैंडओवर संपन्न हुआ।
भवन निर्माण निगम के उप महाप्रबंधक एवं कनीय अभियंता द्वारा यह कॉम्प्लेक्स बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के लीगल असिस्टेंट रईसुज्जमां और शमशाद आलम को सौंपा गया। इस मौके पर कोचाधामन के पूर्व विधायक सह अंजुमन इस्लामिया वक्फ नंबर 1257 के सचिव मुजाहिद आलम मौजूद रहे।
बताया गया कि पूर्व विधायक मुजाहिद आलम की अनुशंसा पर इस मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम के दौरान अंजुमन इस्लामिया वक्फ नंबर 1257 के उप सचिव शफीकुर रहमान, अंजुमन मस्जिद के इमाम हाफिज शादान, समाजसेवी रेहान आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने जानकारी देते हुए कहा कि इस भवन का नाम “अंजुमन इस्लामिया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स” रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इसी परिसर में पहले से रुस्तम अली अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है, जहां 560 अल्पसंख्यक छात्र-छात्राएं निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क पार करने के लिए फुट ओवर ब्रिज का भी निर्माण कराया गया है।



























