अररिया /बिपुल विश्वास
जिलाधिकारी श्रीमती इनायत खान की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति (राजस्व एवं भूमि सुधार) से संबंधित समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आहूत की गई। राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित समीक्षा बैठक में आंतरिक संसाधन के तहत गत वर्ष के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध वाणिज्य कर, परिवहन, खनन, जिला अवर निबंधक अररिया, अवर निबंधन फारबिसगंज, अवर निबंधन जोकीहाट, राष्ट्रीय बचत, सभी नगर परिषद, माप-तौल, विद्युत, मत्स्य, वन, कृषि, जल संसाधन अररिया, बथनाहा, नरपतगंज एवं सहकारिता विभाग की प्रगति एवं उपलब्धि से प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व द्वारा अवगत कराया गया।
इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये। ऑनलाइन दाखिल खारिज, ऑनलाईन भू-स्वामित्व प्रमाण-पत्र, जमाबंदी सुधार आदि की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारी को उक्त संबंधित मामलों का निष्पादन समय सीमा के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। बैठक में इसके अलावा परिमार्जन, भू-लगान, सैरातों की बंदोबस्ती एवं वसूली की अद्यतन स्थिति, बासगीत पर्चा, भू-अतिक्रमण, जल जीवन हरियाली, आपरेशन भूमि दखल देहानी, अभियान बसेरा, आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता, सीडब्लूजेसी, उप स्वास्थ्य केंद्र की भूमि उपलब्धता, तथा विभिन्न भू-अर्जन परियोजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धि को लेकर गहन समीक्षा हुई। बैठक में अपर समाहर्ता श्री राज मोहन झा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता अररिया एवं फारबिसगंज, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।





























