कटिहार – श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी के आदेश पर मनिहारी,बरारी और आजमनगर के प्रमुख गंगा घाटों पर एसडीआरएफ स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की तीन टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह व्यवस्था 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार मनिहारी के गंगा घाट, बरारी के काढ़ागोला घाट तथा आजमनगर के झौआ घाट सहित अन्य नदी घाटों पर एक-एक एसडीआरएफ टीम तैनात रहेगी। प्रत्येक टीम में छह जवान, दो मोटरबोट तथा आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
जिला प्रशासन ने नगर पंचायत मनिहारी के कार्यपालक पदाधिकारी तथा मनिहारी, बरारी और आजमनगर के अंचल अधिकारियों को एसडीआरएफ टीमों के आवागमन, वाहन, ईंधन, भोजन, पेयजल, मोटरबोट के संचालन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आदेश में कहा गया है कि श्रावणी मेले के दौरान विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए घाटों पर लगातार निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर गोताखोरों,आपदा मित्रों तथा प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



























