फेसबुक पोस्ट पर जेडीयू विधायक को गाली और जान से मारने का संकेत, प्राथमिकी दर्ज

SHARE:


ठाकुरगंज (किशनगंज) प्रतिनिधि

ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने का संकेत देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ ठाकुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


विधायक की ओर से थाना को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 24 जुलाई 2026 को बिहार विधानसभा में सुरजापुरी मुस्लिम समाज को आरक्षण देते हुए ईबीसी का दर्जा प्रदान करने के संबंध में दिए गए उनके वक्तव्य की फोटो फेसबुक पर पोस्ट की गई थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर मोहम्मद शाहिद उर्फ बाबूवा भाई नामक फेसबुक आईडी से उनकी मां के संबंध में आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी की गई। साथ ही उनकी फोटो पर लाल रंग से क्रॉस (X) का निशान लगाया गया, जिसे विधायक ने जान से मारने की धमकी का संकेत बताया है।


आवेदन में विधायक ने आरोप लगाया कि उक्त पोस्ट से उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित कटिहार जिले के कदवा क्षेत्र का निवासी है। मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।


पुलिस ने आवेदन के आधार पर ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 231/26 दर्ज कर लिया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 352, 356 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(D) और 67 के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच का जिम्मा पुलिस अवर निरीक्षक अंकित सिंह को सौंपा गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!