राज कुमार/पोठिया/किशनगंज:
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के कदमगाछी गांव में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कदमगाछी निवासी मंटू बोसाक की पत्नी लक्खी कुमारी (21) के रूप में हुई है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपित पति मंटू बोसाक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पौआखाली थाना क्षेत्र के खारूदह गांव निवासी मृतका के पिता नारायण यादव को मंगलवार सुबह बेटी की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वे परिजनों के साथ कदमगाछी पहुंचे और घटना की जानकारी पहाड़कट्टा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।
मृतका के पिता नारायण यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब पांच माह पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री लक्खी कुमारी की शादी मंटू बोसाक पिता स्व. उखरू बोसाक के साथ हिंदू रीति रिवाज से कराई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मंटू बोसाक, उसका भाई जमुआ बोसाक और जमुआ की पत्नी संगीता देवी दहेज की मांग को लेकर लक्खी को प्रताड़ित करते थे। इसको लेकर पूर्व में दोनों पक्षों के बीच कई बार बैठक भी हुई थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि लक्खी तीन माह की गर्भवती थी। आरोपित पति उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था और लगातार प्रताड़ित करता था। मंगलवार सुबह आरोपितों ने मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले में पति मंटू बोसाक सहित तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोपित पति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।


























