जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित
संवाददाता/किशनगंज
जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आंतरिक सुरक्षा, विधि-व्यवस्था के संधारण तथा एनसीओआरडी (Narco Coordination Centre-NCORD) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी, मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही, उर्वरक की कालाबाजारी, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग तथा अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा प्रस्तुत रिकवरी रिपोर्ट की समीक्षा की गई। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि भारत और नेपाल के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर होने के कारण कुछ असामाजिक तत्व ड्रमों एवं अन्य माध्यमों से पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध ढुलाई कर नेपाल में बिक्री कर रहे हैं। इस पर एसएसबी सहित संबंधित एजेंसियों को सतर्क निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में फर्जी आधार कार्ड के निर्माण एवं उपयोग तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उर्वरक की कालाबाजारी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से इसकी अवैध तस्करी पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
जानकारी दी गई कि भारत-नेपाल सीमा पर उर्वरक तस्करी के मामलों में टेढ़ागाछ प्रखंड में तीन तथा दिघलबैंक प्रखंड में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एसएसबी द्वारा पकड़े गए अवैध उर्वरक कारोबारियों के विरुद्ध प्रखंड स्तर पर त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही बड़ी मात्रा में उर्वरक ले जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
बैठक में अवैध ड्रग्स, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि हाल के दिनों में मादक पदार्थों की बरामदगी में वृद्धि हुई है तथा विक्रेताओं और तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों एवं खुफिया इकाइयों को मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क की पहचान करने और कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में छोटे-छोटे पैकेटों में मादक पदार्थों की खेप लाकर एक स्थान पर संग्रहित की जा रही है, जो अत्यंत गंभीर और खतरनाक प्रवृत्ति है। इस तस्करी श्रृंखला को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने, सूचना संकलन को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सभी बटालियन कमांडरों को सक्रिय निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। आम नागरिक मादक पदार्थों की तस्करी अथवा अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दे सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।




















