फायर ऑडिट नहीं तो बढ़ सकती है मुश्किल, प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख

SHARE:

बारसोई में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

बारसोई /कटिहार – दिल्ली एवं मुजफ्फरपुर में हाल में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इन्हीं घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बारसोई अनुमंडल प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है।

रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने अपने आवास पर अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुमंडल क्षेत्र के सभी मल्टीपरपज भवनों, होटल, विवाह भवन, नर्सिंग होम, स्कूल,शॉपिंग मॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि पहले से सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित कर लिए जाएं।एसडीओ ने संस्थान संचालकों और व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि वे बिहार अग्निशमन सेवा की वेबसाइट firenoc.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर फायर ऑडिट अवश्य कराएं। आवेदन प्राप्त होते ही विभागीय टीम संबंधित संस्थान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगी तथा आवश्यक सुधार के सुझाव देगी।

उन्होंने कहा कि फायर ऑडिट केवल कागजी प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे भवनों में मौजूद संभावित खतरों की पहचान होती है और समय रहते उन्हें दूर किया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता कई लोगों की जान बचा सकती है। एसडीओ ने कहा कि आज के दौर में ग्राहक भी उन्हीं संस्थानों को प्राथमिकता देते हैं जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों।

फायर ऑडिट और फायर सेफ्टी प्रमाणन से न केवल प्रतिष्ठान की विश्वसनीयता बढ़ती है, बल्कि व्यवसाय को भी लाभ मिलता है। यह मालिक, कर्मचारी और ग्राहकों—सभी की सुरक्षा का मजबूत कवच है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों और भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन समय की आवश्यकता है।

थोड़ी सी लापरवाही वर्षों की मेहनत और कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकती है। इसलिए हर संस्थान संचालक को फायर सेफ्टी को खर्च नहीं, बल्कि सुरक्षा में निवेश समझना चाहिए। बैठक में अग्निशमन विभाग के अधिकारी शिव शंकर यादव सहित विभागीय टीम के सदस्य उपस्थित थे। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास के संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सजग रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही दिखने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई