अमदाबाद /कटिहार – थाना क्षेत्र के दक्षिणी करीमुल्लापुर पंचायत के तिलौंकी डारा गांव में करंट लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय किशोरी घर में कपड़ा धो रही थी।
इसी दौरान मोटर का बिजली तार खुला होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गई और उसे करंट लग गया। काफी देर बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह जमीन पर अचेत अवस्था में गिरी हुई थी।
आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमदाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. साकेश कुमार ने बताया कि किशोरी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



























