सीमावर्ती गांवों में एसएसबी का नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर, 458 पशुओं का हुआ उपचार

SHARE:

कुलभूषण सिंह/ठाकुरगंज

19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ठाकुरगंज द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांव धनतोला और डोरिया में नि:शुल्क पशु चिकित्सा जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

यह कार्यक्रम 19वीं वाहिनी के कमांडेंट राज कुमार खलखो के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में उप-कमांडेंट विनोद कुमार दास भी उपस्थित रहे। वहीं, 12वीं वाहिनी एसएसबी किशनगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट डॉ. रोबिन तिवारी के नेतृत्व में “एफ” समवाय धनतोला के वाइब्रेंट विलेज क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर के दौरान ग्रामीण पशुपालकों के पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर विभिन्न बीमारियों की पहचान की गई तथा उनका उपचार किया गया। साथ ही लाभार्थियों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संतुलित आहार, टीकाकरण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धनतोला में 202 तथा ग्राम डोरिया में 256 पालतू पशुओं की जांच और उपचार किया गया। इस प्रकार कुल 458 पशुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे 105 पशुपालक परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए।

इस अवसर पर एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि बल केवल सीमाओं की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास एवं सहयोग भी मजबूत होता है।

शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों और पशुपालकों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की मांग की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई