टेढ़ागाछ एवं दिघलबैंक के विभिन्न क्षेत्रों में नेत्र जांच शिविर आयोजित, 195 लोगों की हुई जांच

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ एवं दिघलबैंक प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई। शिविरों का मुख्य उद्देश्य 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में नेत्र रोगों की पहचान एवं जागरूकता बढ़ाना था।

शिविरों में मोतियाबिंद, दृष्टि दोष (विजन संबंधी समस्याएं) तथा बढ़ती उम्र के साथ होने वाले अन्य नेत्र रोगों की जांच की गई। यह शिविर क्रमशः 30 मई को हाटगांव मिडिल स्कूल, 31 मई को खनियाबाद मिडिल स्कूल, 2 जून को मटियारी मिडिल स्कूल तथा 3 जून को असद मॉडल स्कूल, बेतबड़ी (दिघलबैंक) में आयोजित किए गए।

सभी शिविरों को मिलाकर कुल 195 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 83 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार हेतु अस्पताल रेफर किया गया। वहीं 92 लोगों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं तथा 17 लोगों को आंखों की अन्य समस्याओं के लिए आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर का आयोजन ऑप्टोमेट्रिस्ट ज़ोया नाज़ (एसजीटी यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम, हरियाणा) एवं आजाद इंडिया फाउंडेशन, किशनगंज के संयुक्त प्रयास से किया गया।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर लोगों को समय रहते नेत्र रोगों की पहचान और उचित उपचार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई