सागर चंद्रा/ किशनगंज
डॉक्टर साहब इसी सांप ने मेरी पत्नी को काट लिया है। इतना कहते ही व्यक्ति ने प्लास्टिक की जार में बंद सांप को डॉक्टर के सामने रख दिया। विशालकाय विषधर को देख कर डॉक्टर सहित अन्य कर्मी भयभीत हो गए। शोरगुल को सुनकर मौके पर इलाज कराने पहुंचे मरीज और उनके परिजनों के साथ साथ अस्पताल कर्मियों की भीड़ लग गई। हालांकि भीषण गर्मी और जार में घंटों बंद रहने के कारण तबतक उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद भी लोग भयभीत हो गए। आनन-फानन में सांप को पुनः जार में भरकर उसे सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया।
दरअसल जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित जिरणगच्छ पंचायत के मलानी गांव में खाना बनाने के दौरान एक महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। बुधवार सुबह घटित घटना के वक्त 50 वर्षीय गुलो खातून रैक से बर्तन निकाल रही थी।
जबकि जहरीला सांप पूर्व से ही बर्तन में छिपा बैठा था। उसने गुलों की अंगुली में डंस लिया। गुलो के द्वारा शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ कर एक प्लास्टिक के जार में बंद कर दिया और गुलो को इलाज के लिए ठाकुरगंज पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन गुलो के साथ सांप को भी साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए। ताकि सांप की पहचान कर गुलो का सटीक इलाज किया जा सके। बहरहाल गुलो को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उसका इलाज प्रारंभ कर दिया गया है। लगातार विषरोधी दवा दिये जाने के बाद भी उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।

























