असम से तमिलनाडु जाने के दौरान लापता महिला को पुलिस ने किया बरामद

SHARE:

सागर चंद्रा / किशनगंज

असम से तमिलनाडु जाने के दौरान किशनगंज रेलवे स्टेशन से गायब हुई महिला को पुलिस ने बरामद किया है। बहन के साथ सफर के दौरान वह चुपके से किशनगंज रेलवे स्टेशन पर उतर गई थी और अपने प्रेमी श्रवण कुमार के साथ समस्तीपुर चली गई थी। घटना के बाद महिला के पति की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में महिला के समस्तीपुर का ठिकाना ढूंढ निकाला। रेल पुलिस ने समस्तीपुर पुलिस के सहयोग से महिला को बरामद कर लिया। जबकि श्रवण कुमार पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। हालांकि महिला ने श्रवण के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली थी।

इसके बावजूद बरामद महिला को किशनगंज लाने के बाद बुधवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में उसका मेडिकल जांच कराना चाहा। लेकिन उसने जांच कराने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कराने के लिए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इधर महिला के बरामद होने की जानकारी मिलते ही उसके पति और अन्य परिजन भी किशनगंज पहुंच गए हैं।

बताते चलें कि असम के आईरनजोंगला धूबरी निवासी पति रुबूल शेख तमिलनाडू त्रिपूर में रह कर टेलर का काम करता है। उसकी (25) वर्षीय पत्नी रसीदा खातुन भी साथ ही रहती थी। 5 माह पूर्व रुबूल को पता चला कि रसीदा श्रवण कुमार नाम के फेसबुक यूजर से बात करती है। पत्नी को डांट डपट करने पर श्रवण ने उसे रसीदा के अपहरण की धमकी दी थी। इस बीच असम में विधान सभा चुनाव होने के कारण उसकी पत्नी गत 1 अप्रैल को आईरनजोंगला घूबरी आ गई थी । चुनाव सम्पन्न होने के बाद गत 22 मई को रसीदा अपनी बहन नजीरा खातुन के साथ न्यु कूचबिहार से तामिलनाडू त्रिपूर आने के लिए विवेक एक्सप्रेस के बी2 कोच में सफर कर रही थी।

लेकिन ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रूकने के बाद रसीदा अपनी बहन को सोते हुए छोड़ कर रुपये और गहने लेकर प्लेटफॉर्म पर उतर गयी और बाहर चली गयी। जिसकी जानकारी सहयात्रियों ने रसीदा के बहन को दी थी। घटना के बाद से रसीदा का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है। घटना के बाद जब पीड़ित पति ने श्रवण कुमार और उसके मित्र शिवम कुशवाहा से संपर्क किया तो उसने रसीदा का अपहरण करने की बात कबूल कर ली। पति के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस महिला की तलाश में जुट गई थी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई